सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

अग्निपरीक्षा में सफल हुई अयोध्या

अयोध्या : राम की प्रिय अयोध्या ने गुरुवार को वही अग्नि परीक्षा दी, जो कभी मर्यादा पुरुषोत्ताम की अर्धांगिनी सीता को देनी पड़ी थी। इस अग्निपरीक्षा के दौरान अयोध्या बेहद कश्मकश से गुजरी। मंदिर-मस्जिद विवाद के फैसले को लेकर पूरी दुनिया की टकटकी जिस अवधपुरी पर लगी थी, वह खुद इस निर्णय को लेकर बेहद ऊहापोह की स्थिति में थी। इस ऐतिहासिक फैसले को जानने के लिए यदि रामनगरी अपनी उत्सुकता को दबाये बैठी थी, तो उसके अंजाम को लेकर कुछ संशकित और सहमी भी दिखी। दोपहर के कुछ घंटे तो ऐसे गुजरे मानो धर्मनगरी में जीवनस्पंदन ही रुक गया हो। छावनी में तब्दील हो चुकी साकेतपुरी ने शाम को अदालत का फैसला आने के बाद राहत की सांस ली और उसकी खोयी हुई चेतना जैसे वापस लौटी।

अदालत के फैसले को लेकर फैली आशंकाओं के मद्देनजर अयोध्या में गुरुवार की सुबह से ही सन्नाटा था। पक्का घाट पर पंडे अदालत के फैसले को लेकर गुंफ्तगू में मशगूल थे, तो बगल में स्थित तुलसीदास घाट पर सिर्फ फैजाबाद और पड़ोस के सुल्तानपुर जिले के चंद श्रद्धालु पिंडदान करते नजर आये। पक्का घाट के तीर्थ पुरोहित सूरज लाल पांडेय ने बताया कि तीर्थयात्रियों को लेकर आने वाली बसें आना तो दूर, फैजाबाद रेलवे स्टेशन से उन्हें टेम्पो वाले भी अयोध्या लाने से इनकार कर रहे हैं। अमूमन सुबह ही खुल जाने वाली दुकानों में से अधिकांश बंद थीं। रामकोट इलाके में पसरा सन्नाटा अयोध्या की व्यथा बयां कर रहा था। दोपहर 12 बजे मणिराम दास जी की छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास अपने आश्रम में भजन कीर्तन में तल्लीन दिखे, तो दिगम्बर अखाड़े के महंत सुरेश दास अयोध्या विवाद से संबंधित न्यायालय के दस्तावेजों में खोये हुए। दोपहर में हनुमानगढ़ी में हो रहे भजन-कीर्तन के स्वर अयोध्या के नीरस वातावरण में सुखद तब्दीली घोल रहे थे। बावजूद इसके रामनगरी सिहरी हुई थी।

सशंकित अयोध्या तब और सहम गई जब दोपहर दो बजे यहां के मुख्य मार्ग पर पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स का फ्लैगमार्च हुआ। दोपहर 3.30 बजे फैसले की घड़ी का समय आते मानो पूरी रामनगरी में जैसे अघोषित क‌र्फ्यू लग गया हो। इस विस्मयकारी सन्नाटे के बीच कारसेवकपुरम में बने भारत कल्याण प्रतिष्ठान भवन के एक कमरे में साधुओं की मंडली जमा है। कमरे के एक कोने में लगे टीवी पर खबरिया चैनल चालू है। सामने की दीवार से लगे पलंग पर पद्मासन की मुद्रा में बैठे रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल टीवी स्क्रीन पर टकटकी लगाये देख रहे हैं। बगल में बिछे पलंग पर रामजन्मभूमि न्यास के सदस्य और दिगम्बर अखाड़ा के महंत सुरेश दास, बड़ा भक्तमाल के महंत व विहिप के केंद्रीय मार्गदर्शक मंडल के वरिष्ठ सदस्य कौशल किशोर दास और श्री रामवल्लाभाचार्य के अधिकारी राजकुमार दास बैठे हैं। एक कुर्सी पर विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्ताम नारायण सिंह और सामने जमीन पर बिछे गद्दे पर अयोध्या के विधायक लल्लू सिंह बैठे हैं। सभी के चेहरों से प्रस्फुटित होता घोर उत्सुकता का भाव। शाम के लगभग साढ़े चार बजे जैसे ही टीवी पर अदालत का सार्वजनिक किया जाता है, कमरे में मौजूद साधु मंडली हर्ष से तालियां बजाती है। राजकुमार दास उछलकर उठते हैं और महंत नृत्य गोपाल दास के चरणों में शीश नवाते हैं।

उधर, यहां के पांजी टोला मोहल्ले में बीते कई दिनों से मीडियाकर्मियों के आकर्षण का केंद्र रहे अयोध्या विवाद के पक्षकार मोहम्मद हाशिम अंसारी के घर का दरवाजा गुरुवार को सुबह से ही बंद था। हरे रंग का यह दरवाजा बीच-बीच में खुलता और फिर बंद हो जाता। अपराह्न 3.30 बजे से उनके घर के बाहर मीडियाकर्मी जुटने लगे। अदालत का फैसला आने के बाद मीडियाकर्मियों के इसरार पर हाशिम घर से बाहर निकले और कहा कि वह इस फैसले का स्वागत करते हैं और विवाद को यहीं खत्म करना चाहते हैं। इस मुद्दे को वह राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने देंगे।

फैसले का हल्ला हो जाने के बाद भी अयोध्या शांत दिखी और हालात पर पैनी निगाह रखे प्रशासन ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को कसे रखा। शाम ढलते-ढलते नि:स्पंद अयोध्या की खोई ऊर्जा फिर वापस आयी। घरों में दुबके अयोध्यावासी सड़कों पर निकले, दुकानें भी खुलीं, लेकिन राम की नगरी ने मर्यादा पुरुषोत्ताम के कहे पर अमल करते हुए समभाव का परिचय दिया। वातावरण में न कहीं हर्षातिरेक दिखा और न ही विषाद।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रभु का सिमरण सबसे ऊंचा

एक चोर था ! बडा शातिर ! सभी जानते थे कि वह चोर है ! उस गांव के तथा आस-पास के गांवों में जितनी भी चोरियां होती थीं सबके लिए वही जिम्मेदार था ! परंतु वह इतनी सफाई से चोरी करता था कि कभी पकडा नही गया ! चोरी करने की सभी बारीकियों से वाकिफ ! वो अपनी पत्नी और इकलौते बेटे के साथ गांव के नज़दीक ही पहाडी पर एक झोंपडी में रहता था ! चोरी का सामान भी वहीं पहाडी में एक गुफा में छिपा कर रखता था जिससे तलाशी की नौबत आने पर भी पकडा न जा सके ! चोरी करते-करते उम्र के आखरी पडाव में आ पहुंचा ! अक्सर बीमार भी रहने लगा था ! उसे आभास होने लगा कि अब उसके जीवन के दिन थोडे ही हैं ! एक दिन उसने अपने बेटे को बुलाकर उसे चोरी के सारे गुर सिखा दिये और जहां पर उसने चोरी का सामान छुपाया था वह जगह भी दिखा दी ! भगवान की ऐसी कुदरत हुई कि कुछ दिनों बाद ही वो चल बसा ! अब मां-बेटे अकेले रह गए ! धीरे-धीरे पिता द्वारा छोडा चोरी का सामान समाप्त होने लगा ! तब बेटे ने अपनी मां से कहा – “मां, मैं कुछ काम करना चाहता हूं ! बताओ कौन सा काम करूं !” “यह भी कोई पूछ्ने की बात है ?” मां ने समझाया -“बेटा तुम्हारे पिता चोरी किया करते थे ...

रामायण क्या-क्या सिखाती है?

रामायण पौराणिक ग्रंथों में सबसे ज्यादा पढ़ी जाने वाली किताब है। रामायण को केवल एक कथा के रूप में देखना गलत है, यह केवल किसी अवतार या कालखंड की कथा नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का रास्ता बताने वाली सबसे महत्वपूर्ण पुस्तक है। रामायण में सारे रिश्तों पर लिखा गया है, हर रिश्ते की आदर्श स्थितियां, किस परिस्थिति में कैसा व्यवहार करें, विपरित परिस्थिति में कैसे व्यवहार करेंं, ऐसी सारी बातें हैं। जो आज हम अपने जीवन में अपनाकर उसे बेहतर बना सकते हैं। - दशरथ ने अपनी दाढ़ी में सफेद बाल देखकर तत्काल राम को युवराज घोषितकर उन्हें राजा बनाने की घोषणा भी कर दी। हम जीवन में अपनी परिस्थिति, क्षमता और भविष्य को देखकर निर्णय लें। कई लोग अपने पद से इतने मोह में रहते हैं कि क्षमता न होने पर भी उसे छोडऩा नहीं चाहते। - राजा बनने जा रहे राम ने वनवास भी सहर्ष स्वीकार किया। जीवन में जो भी मिले उसे नियति का निर्णय मानकर स्वीकार कर लें। विपरित परिस्थितियों के परे उनमें अपने विकास की संभावनाएं भी तलाशें। परिस्थितियों से घबराएं नहीं। - सीता और लक्ष्मण राम के साथ वनवास में भी रहे, जबकि उनका जाना जरूरी नहीं था। ये हमें...

लोगों का काम है कहना...

पुरानी फिल्म का एक गीत है, कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना...। यह गीत हमारे जीवन के साथ भी जुड़ा हुआ है। हम जब भी कुछ काम करते हैं, आसपास के लोग तरह-तरह की बात करते हैं। कुछ लोग हमारे काम की तारिफ करते हैं, तो कुछ बुराई। हमेशा ऐसा ही होता है क्योंकि लोगों का काम है कहना। पुराने समय की बात है। एक पिता अपने पुत्र के साथ गांव में रहते थे। वे एक दिन शहर से गधा खरीदकर अपने घर लौट रहे थे, रास्ता लंबा था। वे तीनों पिता-पुत्र और वह गधा पैदल ही आ रहे थे। तभी किसी ने कहा कि गधा लेकर आए हो तो पैदल क्यों चल रहे हो? गधे पर बैठकर जाओं। पिता-पुत्र को यह बात ठीक लगी। वे दोनों गधे पर बैठ गए। कुछ दूर चलने के बाद फिर किसी राहगीर ने कहा कि कितने निर्दयी पिता-पुत्र हैं, बेचारे गधे पर दोनों बैठ गए। यह सुनकर पिता ने पुत्र को गधे पर बैठा दिया और खुद पैदल चलने लगा। फिर कुछ दूर चलने के बाद किसी ने कहा कि कैसा पुत्र है? पिता तो पैदल चल रहा है और खुद गधे पर आराम से बैठा है। यह सुनकर पुत्र उतर गया और पिता को गधे पर बैठा दिया, पुत्र पैदल चलने लगा। फिर कुछ दूर चलने के बाद किसी व्यक्ति ने कहा कि कैसा बाप है ख...